कॉकरोच जनता पार्टी की अगुवाई में दिल्ली में जंतर-मंतर पर चले धरने और आंदोलन के पीछे विदेशी फंडिंग की आशंका जताते हुए बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सरकार से जांच की मांग की। मदन राठौड़ ने संसद परिसर में मीडिया से कहा- यह बात सही है कि इन्हें कहीं से फंडिंग हो रही है। सोशल मीडिया, टीवी चैनल्स से पता लगा है कि प्रदर्शनकारियों के लिए दुबई, कुवैत, बांग्लादेश और पता नहीं कहां-कहां से खाने की बुकिंग हुई थी। राठौड़ ने कहा- एक मामला तो ऐसा था, जो मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। उसने हर दिन 10-10 लाख रुपए का खाना भिजवाया। यह कहां से हुआ। यह वाजिब सवाल है और इसकी जांच होनी चाहिए। कहा- धर्मेद्र प्रधान का दोष नहीं, टुकड़े-टुकड़े गैंग पीछे लगा था राठौड़ ने एक दिन पहले कहा था- धर्मेंद्र प्रधान का कोई दोष नहीं है। छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाने पूरा टुकड़े-टुकड़े गैंग उनके पीछे लग गया था। धर्मेंद्र प्रधान ने खुद अपना इस्तीफा सौंप दिया। प्रधान ने शिक्षा मंत्री रहते बहुत अच्छे काम किए। महेश जेठमलानी ने भी विदेशी फंडिंग पर उठाए थे सवाल सुप्रीम कोर्ट के वकील और पूर्व बीजेपी सांसद महेश जेठमलानी सहित कई बीजेपी नेताओं ने एक्स पर सीजेपी नेताओं के डांस करते वीडियो शेयर कर सवाल उठाए। यह वीडियो धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जश्न का बताया जा रहा है। इस पर सवाल उठाते हुए महेश जेठमलानी ने एक्स पर लिखा- सीजेपी नेता होटल में पार्टी कर रहे हैं। इस विरोध-प्रदर्शन के दौरान यात्रा, खाना, रहना और दूसरे खर्च को कौन फंडिंग कर रहा है? जिन लोगों ने दिल्ली को उबाल कर रखा, उन्हें फंडिंग कौन कर रहा है? महेश जेठमलानी के पोस्ट के बाद मदन राठौड़ ने भी वही सवाल उठाया है। राठौड़ बोले- प्रधानमंत्री शुरू से ही युवाओं के मुद्दों पर गंभीर मदन राठौड़ ने कहा- युवाओं के मुद्दों को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी गंभीर हैं। पीएम ने नकल के मामलों के खिलाफ कड़ा रख अपनाया है। पीएम ने फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का फैसला किया है। नकल रोकने सख्त कानून ला रहे हैं। यह सब स्वागत योग्य कदम है। नकल को रोकने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।