विकसित भारत-गारंटी फॉर रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) स्कीम में 2 साल से गांव में रोजगार नहीं मिला। इस तरह के मुद्दे श्रीगंगानगर के ग्राम पंचायत 6 एफए रडेवाला, 9 एफए माझीवाला और फौजूवाला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में उठे। जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया ने शुक्रवार शिविरों में जनसमस्याएं सुनीं। मजदूरों ने वीबी-जीरामजी स्कीम में रोजगार न मिलने का मुद्दा उठाया तो जिला प्रमुख ने संबंधित अधिकारियों को 6 नंबर फॉर्म भरवाने के सख्त निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द काम शुरू हो सके। गांव फौजूवाला में जिला प्रमुख ने 2 पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे वितरित किए। तीन लाभार्थियों को मंगला बीमा पॉलिसी सौंपी। इंदलिया ने माझीवाला को छोड़कर अन्य पंचायतों में लाभार्थियों की कम संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कर्मचारी-अधिकारी शिविर में बैठे रहे, लेकिन आमजन की उपस्थिति कम रही। जिला प्रमुख ने कहा- समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंचनी चाहिएं। इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर और ज्यादा मेहनत करनी होगी। ग्रामीण इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं बताएं।