उदयपुर में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के एमबी हॉस्पिटल में मरीज को ब्लड उपलब्ध कराने के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सोनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने ब्लड उपलब्ध के नाम पर पैसे ऐंठने वाले एक व्यक्ति को हॉस्पिटल परिसर में पकड़ लिया। फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसकी शिकायत आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ राहुल जैन और हाथीपोल थाना पुलिस को की गई। साथ ही आरोपी रोनक साहू निवासी आरके पुरम सवीना को पुलिस के सुपुर्द किया। उसके परिजनों को सूचना दी गई। जिसके बाद पीड़ित से वसूले गए 6500 रुपए उसे वापस दिलवाए गए। आरोपी को पैसे के लालच में हॉस्पिटल बुलवाया और ​धुनाई कर दी
पीड़ित पंकज अहारी निवासी डूंगरपुर ने बताया कि उसकी पत्नी को हर्ट संबंधी बीमारी है। पत्नी 4 दिन से एमबी हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों ने उसे बताया कि पत्नी को ब्लड की जरूरत है। तभी ब्लड बैंक के आसपास घूम रहे रोनक साहू ने आगे से पंकज अहारी से सम्पर्क किया और ब्लड उपलब्ध कराने का झांसा दिया। रोनक ने 6500 रुपए में ब्लड उपलब्ध कराने का वादा किया। फिर दूसरे दिन 3 हजार रुपए और मांगे। तब तक इसका पता कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सोनी को इसका पता लगा। सोनी ने रोनक को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। पंकज ने रोनक को फोन कर हॉस्पिटल ​बुलाया और पैसे के बदले ब्लड उपलब्ध कराने की बात कही। रोनक जैसे ही हॉस्पिटल परिसर पहुंचा और पीड़ित पंकज से पैसे लिए। तभी ​सिद्धार्थ और उनके कार्यकर्ताओं ने उसे दबोच लिया और बुरी तरह मारपीट कर दी।