अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र के किथूर गांव में 29 मई को हुई मारपीट की घटना में घायल युवक सोनू प्रजापत की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार किथूर निवासी सोनू प्रजापत (37) मिस्त्री का काम करता था, जबकि उसका साथी टिंकू बेलदारी का काम करता है। दोनों घटना वाले दिन किथूर बस स्टैंड स्थित एक होटल पर बैठे हुए थे। इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और शराब के नशे में टिंकू के साथ मारपीट शुरू कर दी। टिंकू को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे सोनू प्रजापत को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीट दिया। मारपीट में सोनू को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। परिजनों के अनुसार चोट लगने के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। जांच में आंत फटने की बात सामने आई। निजी अस्पताल में ऑपरेशन की तैयारी की जा रही थी, लेकिन ऑपरेशन थिएटर में ले जाने से पहले ही सोनू ने दम तोड़ दिया। घायल टिंकू के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका उपचार राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में चल रहा है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल अवस्था में जमीन पर पड़े सोनू को कुछ युवक धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। सदर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना 29 मई की है। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं मृतक के परिजन प्रदीप ने बताया कि सोनू का किसी से विवाद नहीं था। वह केवल अपने साथी को बचाने गया था, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट कर दी। सोनू चार भाइयों में से एक था और उसके तीन बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक सोनू के तीन बच्चे हैं घटना के बाद परिवार मे रो रोकर बुरा हाल हैं,पुलिस आरोपियों की तलाश करने में जुटी हैं।
