बीकानेर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बेनामी संपत्ति और संदिग्ध नकदी लेन-देन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई से जुड़े एक व्यक्ति के कब्जे से 85 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। वहीं श्रीगंगानगर स्थित जुगल किशोर बिश्नोई के घर पर छापेमारी के दौरान 45 लाख रुपए और नकद मिले हैं। शिकायत के बाद हरकत में आई एसीबी एसीबी को शिकायत मिली थी कि बेनामी संपत्ति और अवैध धन के मामले से जुड़े कुछ लोग बड़ी राशि को बीकानेर से श्रीगंगानगर भेजने की तैयारी में हैं। सूचना के अनुसार करीब 90 लाख रुपए एक युवक के माध्यम से श्रीगंगानगर भेजे जा रहे थे। रोडवेज बस से जा रहा था युवक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने लूणकरणसर थाना क्षेत्र के पास रोडवेज बस में सफर कर रहे स्वतंत्र ज्याणी को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैलों और गत्ते के बॉक्सों से 85 लाख रुपए नकद बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह राशि श्रीगंगानगर स्थित जुगल किशोर बिश्नोई के घर पहुंचाई जानी थी। श्रीगंगानगर में भी छापा, नगदी मिली कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने श्रीगंगानगर में जुगल किशोर बिश्नोई के आवास पर भी छापेमारी की। यहां से 45 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। नकदी के स्रोत और उसके उपयोग को लेकर जांच की जा रही है। हिरासत में लेकर पूछताछ एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि स्वतंत्र ज्याणी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही जुगल किशोर बिश्नोई से भी नकदी के संबंध में पूछताछ की जाएगी। बरामद राशि के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है। बेनामी संपत्ति के एंगल से भी जांच एसीबी इस पूरे मामले की जांच बेनामी संपत्ति, आय से अधिक संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।