झालावाड़ जिले में तेज गर्मी, उमस और गर्म हवाओं का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को भी सुबह से ही तेज धूप और चिपचिपी उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर करीब डेढ़ बजे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जबकि पिछले 10 दिनों से चल रही गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। हाल ही में हुई हल्की बारिश के बावजूद मौसम में राहत नहीं मिली, बल्कि उमस और बढ़ गई है। स्थिति यह है कि पंखे और कूलर भी लोगों को पर्याप्त राहत नहीं दे पा रहे हैं।
सुबह से ही सताने लगी गर्मी रविवार को सुबह से ही मौसम में गर्मी और उमस का असर साफ दिखाई दिया। सुबह आठ बजे के बाद ही लोगों को तेज गर्मी का अहसास होने लगा। दिन चढ़ने के साथ उमस बढ़ती गई, जिससे लोग लगातार पसीने से तरबतर होते रहे और दिनभर बेचैनी महसूस करते रहे। गर्म हवाओं से प्रभावित हुआ जनजीवन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही गर्म हवाओं के कारण लोगों की आवाजाही में कमी देखी जा रही है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को यात्रा के दौरान गर्म हवा के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है। खुले में काम करने वाले मजदूरों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बाजारों और सड़कों पर दिखा सन्नाटा बढ़ती गर्मी और तपिश का असर बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय शहर की कई गलियों और मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सामान्य दिनों की तुलना में यातायात भी काफी कम रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले लोगों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद भी नहीं मिली राहत एक-दो दिन पहले हुई हल्की बारिश के बाद लोगों को मौसम सुहावना होने की उम्मीद थी, लेकिन इसके विपरीत उमस और बढ़ गई। रविवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहने के बावजूद तेज धूप और उमस का असर बना रहा। मौसम में धूप-छांव का माहौल रहने के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।
रात में मिल रही थोड़ी राहत हालांकि दिनभर की तपिश के बाद रात के समय तापमान में कुछ कमी आने से लोगों को थोड़ी राहत महसूस हो रही है। शहर निवासी राधेश्याम सोलंकी ने बताया कि सुबह से ही उमस बनी हुई है, जिससे आमजन परेशान हैं। दिनभर गर्मी और चिपचिपाहट के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की परेशानी बढ़ी लगातार बढ़ती गर्मी, उमस और गर्म हवाओं के कारण आमजन का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग की ओर से फिलहाल राहत के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिलने से लोगों को आने वाले दिनों में भी इसी तरह की गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।