राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच बीकानेर और गंगानगर जिले के कई इलाकों में सोमवार को बारिश के साथ ओले गिरे। श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में तेज आंधी चली और फिर बारिश हुई। राजधानी जयपुर में तेज धूप ने लोगों को झुलसा दिया। लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम ने अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर वाटर फॉगर मशीन से पानी की फुहारें छोड़ी गई। उधर, बाड़मेर में रविवार को सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ, यहां पारा 46 डिग्री के ऊपर चला गया। ये 12 साल में तीसरी बार है जब पारा 46 डिग्री के पार निकल गया। कोटा और जोधपुर में पारा पुराने रिकॉर्ड को छूने और तोड़ने के करीब है। रविवार को 8 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को राज्य के 5 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 27 अप्रैल को दिन के साथ रात में भी हीटवेव की आशंका है। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की तस्वीरें… मौसम से जुड़े बड़े अपडेट्स… बीकानेर और श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले गिरे
बीकानेर शहर समेत आस-पास के ग्रामीण इलाकों में दोपहर बाद मौसम बदला। बीकानेर शहर में भी हवा के साथ बारिश हुई। जिले के मूंडसर और बेनीसर गांव में बारिश के साथ ओले भी गिरे। ओलावृष्टि के कारण गर्मी का असर कम हुआ है। श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में सुबह तेज गर्मी के बाद दोपहर में करीब 2 बजे मौसम बदला और धूलभरी आंधी चली। इसके बाद बारिश के साथ ओले भी गिरे। घड़साना में भी बारिश के साथ ओले गिरे। अब आगे क्या?
राज्य में आज भी हीटवेव का असर रहने और तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। हालांकि दोपहर बाद राज्य के कुछ जिलों में मौसम में बादल होने, बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की धूलभरी हवा चलने के साथ बारिश की संभावना है। 28 से 30 अप्रैल तक राज्य में हीटवेव से राहत रह सकती है। कई जिलों में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना भी है। राजस्थान में मौसम की 2 तस्वीरें… 1. अब भी डिमांड में भी घड़ा 2. साफ आसमान में दिखा अद्भुत नजारा अब देखिए अगले कुछ दिनों में कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के प्रमुख शहरों का हाल जयपुर में दिन और रात में हीटवेव चलने का अलर्ट जयपुर में सोमवार को दिनभर आसमान साफ रहा और तेज गर्मी रही। नगर निगम ने अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर वाटर फॉगर मशीन से पानी की फुहारें छोड़ी गई, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। मौसम विभाग ने जयपुर में भी दिन में हीटवेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर में बादल छाए अजमेर में सोमवार सुबह से गर्मी का असर बना हुआ है। तेज धूप के बीच हल्की ठंडी हवा चलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार के मुकाबले करीब 1 डिग्री अधिक रहा। हालांकि, आने वाले एक-दो दिन में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। सीकर में धूप से बचने के लिए टेंट लगाए सीकर में रविवार का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा। तापमान में 2 डिग्री की गिरावट रही। हालांकि पूरे दिन धूप तेज रही। सीकर में लोगों को धूप से बचाने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कोतवाली रोड के बाहर ग्रीन टेंट से पूरी सड़क को कवर किया गया है। कोटा में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा कोटा में पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच आज हल्की राहत के संकेत मिले हैं। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। रविवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था, जब पारा 45.3 डिग्री तक पहुंच गया। अलवर में हीटवेव की संभावना अलवर में गर्मी तेज हो गई है। रविवार को अलवर का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री रहा। तेज गर्मी और लू के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि, सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन में हल्की बारिश की संभावना जताई है। उदयपुर में पारा 42 डिग्री पर पहुंचा उदयपुर में गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है। 25 और 26 अप्रैल 2026 को अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर बना रहा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 25 अप्रैल को जहां रात का पारा 24.5 डिग्री सेल्सियस था, वहीं 26 अप्रैल को यह बढ़कर 25.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। जोधपुर में पारा 45 डिग्री के पास पहुंचा जोधपुर में रविवार को पारा 45 डिग्री के पास पहुंच गया। यहां दिन का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री रहा। इससे पहले शनिवार को जोधपुर का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री था। वहीं, जोधपुर जिले को भोपालगढ़ में तेज बारिश हुई।