बारां में एक बिजनेस मैन के अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट और 14 लाख रुपए की फिरौती वसूली के मामले को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। कानून व्यवस्था बिगड़ने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को दोपहर 12 बजे तक बारां बंद रहा। व्यापार महासंघ के आह्वान पर सुबह बड़ी संख्या में व्यापारी भूरालालजी धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां से उन्होंने जुलूस निकाला, जो अस्पताल रोड और धर्मादा चौराहा होते हुए प्रताप चौक पहुंचा। इस दौरान व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी व्यापारियों ने डीएसपी और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई और व्यापारी से वसूली गई पूरी फिरौती राशि बरामद करने की मांग की। उन्होंने “योगी मॉडल लाएंगे, बुलडोजर चलवाएंगे” जैसे नारे भी लगाए। व्यापारियों ने प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो गुरुवार को पूर्णतया बारां बंद किया जाएगा। इस प्रदर्शन में व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश कुमार बाटा, व्यापार मंडल अध्यक्ष देवकीनंदन बंसल, मंडी अध्यक्ष मनीष लश्करी, भाजपा नेता प्रशांत विजयवर्गीय, विमल बंसल सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। डीएसपी हरिराम सोनी ने बताया कि एसपी अभिषेक अंदासु के निर्देशन में पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।