निकाय चुनावों को लेकर बांसवाड़ा नगरपरिषद क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वार्ड नंबर 24 में इस बार मुकाबला केवल पारंपरिक प्रचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरी तरह डिजिटल और हाई-टेक रूप ले चुका है। यहां से भाजपा के पार्षद प्रत्याशी मयंक जैन ने चुनाव प्रचार में पारदर्शी और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए एक अनूठी पहल की है। इस वार्ड में मयंक का का मुकाबला कांग्रेस के सुधीर चौबीसा से हैं। स्कैन कीजिए क्यूआर कोड, दावा- 48 घंटे में मिलेगी राहत
प्रत्याशी मयंक जैन ने घर-घर जाकर विशेष ‘समस्या समाधान क्यूआर कोड’ युक्त पर्चे बांटे हैं। इस डिजिटल व्यवस्था के तहत वार्ड का कोई भी नागरिक किसी भी सामान्य क्यूआर कोड स्कैनर ऐप से कोड को स्कैन कर सकता है। स्कैन करते ही खुला फॉर्म भरकर मतदाता अपना नाम, मोबाइल नंबर और समस्या (फोटो/वीडियो के साथ) दर्ज करा सकते हैं। प्रत्याशी का दावा है कि शिकायत दर्ज होते ही सूचना सीधे उनके पास पहुंचेगी और 48 घंटे के भीतर उस समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उनका कहना है कि शहर के सभी 60 वार्डों में इस तरह की पहल पहली की जा रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान से प्रेरित है। इसका उद्देश्य बांसवाड़ा के साथ-साथ अपने वार्ड को पूरी तरह डिजिटल बनाना है। 5 साल खुला रहेगा कार्यालय, हर गली में स्थाई रूप से लगेंगे कोड
जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए प्रत्याशी ने बड़ा वादा किया है। चुनाव जीतने के उपरांत वार्ड के हर गली-मोहल्ले, चौराहे और सार्वजनिक नुक्कड़ों पर यह क्यूआर कोड स्थाई रूप से लगाए जाएंगे। इसके अलावा वार्ड में एक चुनावी कार्यालय का भी उद्घाटन किया गया है। प्रत्याशी ने भरोसा दिलाया है कि यह कार्यालय अगले 5 वर्षों तक जनता के लिए निरंतर खुला रहेगा, जहां वे खुद मौजूद रहकर जनसमस्याएं सुनेंगे। स्थानीय मतदाता राहुल राठौड़ ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए एक सकारात्मक संकेत है। वार्ड 50 में निर्दलीय हुसैन टाटिवाला के उतरने से त्रिकोणीय मुकाबला
दूसरी ओर, शहर के वार्ड नंबर 50 में चुनावी समीकरण काफी बदल गए हैं। इस वार्ड में कुल 4 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के बीच माना जा रहा था, लेकिन दो निर्दलीय प्रत्याशियों के उतरने से चुनावी गणित बदल गया है। विशेष रूप से निर्दलीय उम्मीदवार हुसैन टाटिवाला की सक्रियता ने मुकाबले को पूरी तरह त्रिकोणीय बना दिया है।
