चूरू में निकाय चुनाव के लिए रविवार को ईवीएम का दूसरा रेंडमाइजेशन पूरा हुआ। यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा के निर्देश पर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने बताया कि निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़ी हर प्रक्रिया चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक पूरी पारदर्शिता से की जा रही है। इस रेंडमाइजेशन का मकसद ईवीएम मशीनों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से बूथवार आवंटन करना है। ईवीएम के रेंडमाइजेशन से लेकर उनके सुरक्षित लाने-ले जाने, स्टोर करने और मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी समय पर दी जा रही है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने रेंडमाइजेशन प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दूसरे रेंडमाइजेशन में चूरू, सरदारशहर, सुजानगढ़, राजगढ़, तारानगर, साहवा, रतननगर, रतनगढ़, राजलदेसर, छापर और बीदासर के लिए ईवीएम मशीनों का बूथवार आवंटन किया गया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम की कमिशनिंग, उसकी प्रक्रिया और संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में भी बताया। इस दौरान सुजानगढ़ एडीएम संतोष कुमार मीना, सीईओ श्वेता कोचर, सुजानगढ़ एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा, नारायण बेनीवाल, असलम खोखर, डॉ. राहुल कस्वां, ओमप्रकाश खेजड़ा के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और नगर निकाय चुनावों के रिटर्निंग अधिकारी मौजूद थे।