खैरथल-तिजारा जिले में रविवार शाम करीब 5:30 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश से कई इलाकों में सड़क पर पानी भर गया। नालों से गंदगी बहकर बाहर आई किशनगढ़बास के गंज रोड, हनुमान मंदिर के पास, अहमदबास मोहल्ला और खैरथल रोड सहित कई निचले क्षेत्रों में बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। गंज रोड पर स्थिति सबसे खराब रही, जहां सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालों की गंदगी भी सड़क पर बहकर आ गई, जिससे बदबू फैल गई।जिसके बाद लोगों ने नालों की नियमित सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग की है। इधर, किसानों का कहना है कि यह बारिश बाजरे सहित खरीफ फसलों की बुवाई के लिए लाभदायक साबित होगी। बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे आगामी कृषि कार्यों में आसानी होगी।
