जैसलमेर जिले में 2 बच्चों की हत्या कर मां-बाप ने सुसाइड कर लिया था। दोनों बच्चे घटना से 30 मिनट पहले ही पड़ोस में बर्थडे पार्टी से घर लौटे थे। मृतक (पिता) 100 बीघा जमीन का मालिक था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया कारण पारिवारिक विवाद माना है। दरअसल, रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार शाम 7:30 बजे जसराज (30) और पत्नी निरमा (28) ने पहले बेटा भरत (10) व बेटी मनीषा (5) को टांके (टैंक) में फेंका। फिर खुद ने भी कूदकर जान दे दी। बड़े भाई की आंखों के सामने टांके में कूदा छोटा भाई थाना अधिकारी देवकिशन ने बताया- जसराज (मृतक) के बड़े भाई घनश्याम का घर उसके पास ही है। बच्चों के रोने और उन्हें पानी में फेंकने की आवाज सुनकर घनश्याम भाई के घर की तरफ दौड़ा। उसने जसराज को टांके के पास देखा तो चिल्लाते हुए उसे रोकने दौड़ा, लेकिन तब तक जसराज ने टांके में छलांग लगा दी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जसराज के घर पहुंचे। टांका 18 फीट गहरा था। उसका ढक्कन वाला हिस्सा काफी छोटा था। ऐसे में ग्रामीणों ने 15 मिनट की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला। उन्हें लोहारकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। बर्थडे पार्टी से लौटे थे बच्चे जसराज के चचेरे भाई नगाराम ने बताया- रविवार को जसराज के पड़ोस में रहने वाले परिवार में किसी बच्चे का जन्मदिन था। भरत और मनीषा दोनों बर्थडे पार्टी में गए थे। शाम करीब 7 बजे दोनों घर लौटे थे। इसके थोड़ी देर बाद ही यह घटना हो गई। 100 बीघा जमीन का मालिक था नगाराम ने बताया- जसराज ने तीन साल गांव में फर्नीचर बनाने का काम किया था। लेकिन पिछले 3 महीने से वह घर पर खाली बैठा था। वह 100 बीघा जमीन का मालिक था। ऐसे में उसे आर्थिक रूप से कोई समस्या नहीं थी। जसराज की साल 2013 में शादी हुई थी। उसके दो बड़े भाई हैं। बड़ा भाई घनश्याम उसके घर के पास में ही रहता है। वहीं दूसरा भाई भूरा राम पास ही किसी दूसरे गांव में रहता है। तीनों भाइयों के पास कुल 300 बीघा जमीन है। बारिश के समय सभी भाई फसल बोते हैं। पारिवारिक कलह के कारणों की जांच कर रही पुलिस थाना अधिकारी देव किशन ने बताया- सूचना पर पोकरण डीएसपी बुद्धाराम ने घटना का जायजा लिया। शव पोकरण के अस्पताल लाए गए। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिए। मामले में प्रथम दृष्टया कारण पारिवारिक कलह नजर आ रहा है। कलह किन वजहों को लेकर थी। इसकी जांच की जा रही है। … घटना से जुड़ी यह खबर पढ़ें… 2 बच्चों की हत्या कर मां-बाप ने किया सुसाइड:भाई ने कूदते देखा तो शोर मचाया; टांके में मिले चारों के शव जैसलमेर जिले में 2 बच्चों की हत्या कर मां-बाप ने सुसाइड कर लिया। दंपती ने बेटा-बेटी को पहले टांके में फेंका और फिर खुद ने भी कूदकर जान दे दी। ग्रामीणों ने चारों को टांके से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। (पढ़ें पूरी खबर)