बरनाला जिले के भदौड़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में कार ड्राइवर की मौत हो गई। इस दुर्घटना में बोलेरो कैंपर में सवार कई लोग घायल हुए हैं। हादसा बरनाला-बाजाखाना मुख्य मार्ग पर सूए के पुल के पास हुआ। दोनों वाहनों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कार ड्राइवर वाहन के अंदर फंस गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 7 बजे हुआ। स्विफ्ट डिजायर कार बरनाला से बाजाखाना की ओर जा रही थी, जबकि बोलेरो कैंपर सामने से आ रही थी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती इस हादसे में स्विफ्ट कार ड्रइवर गगनदीप सिंह, निवासी दानगढ़ रोड, धनौला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बोलेरो कैंपर में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घायलों की पहचान और उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी जुटा रही है। सूचना मिलने पर थाना भदौड़ के सहायक उपनिरीक्षक सुरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, यातायात को सामान्य किया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच कर रही पुलिस सुरिंदर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इन बयानों के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतक गगनदीप सिंह के निधन की खबर मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक संकेतक व सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की है।