फरीदकोट में 26 मई को होने वाले नगर काउंसिल चुनाव के चलते पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार को एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश पर जिले के तीनों शहरों फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो में सीनियर पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाले गए। इसका उद्देश्य चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न करवाना है। फरीदकोट में फ्लैग मार्च डीएसपी तरलोचन सिंह की अगुवाई में निकाला गया जोकि मिनी सचिवालय फरीदकोट से शुरू होकर भाई घन्हैया चौक, घंटाघर चौक, कम्मेआणा चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने लोगों को शांतिपूर्ण और निर्भीक होकर मतदान करने के लिए जागरूक भी किया। वहीं कोटकपूरा शहर में डीएसपी संजीव कुमार और जैतो में डीएसपी इकबाल सिंह की अगुवाई में फ्लैग मार्च निकाले गए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस विशेष नजर बनाए हुए है-डीएसपी इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि नगर काउंसिल चुनावों को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए फरीदकोट पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं ताकि मतदाता बिना किसी डर और दबाव के अपने मतदान अधिकार का प्रयोग कर सकें। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नजर रखी हुई है और किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस निष्पक्ष चुनाव करवाने की जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएगी। फरीदकोट जिले में 249 उम्मीदवारों की किस्तम का होगा फैसला बता दें कि फरीदकोट जिले की तीन नगर काउंसिलों फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो के कुल 71 वार्डों में से 61 वार्डों पर 26 मई को मतदान होना है, जिसके लिए कुल 249 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। फरीदकोट नगर काउंसिल के 25 वार्डों में से 24 वार्डों के लिए 105 उम्मीदवार, कोटकपूरा के 29 वार्डों में से 27 वार्डों के लिए 100 जबकि जैतो के 17 वार्डों में से 10 वार्डों के लिए 44 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। नामांकन वापसी की प्रक्रिया के बाद आम आदमी पार्टी के फरीदकोट से एक, कोटकपूरा से दो, जबकि जैतो से सात उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
