बठिंडा के गोपाल नगर में बिजली के लंबे कट से परेशान निवासियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पंखे लेकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी व्यक्त की।उनका कहना है कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। निवासियों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही बिजली की आपूर्ति में लगातार कटौती हो रही है, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बोर्ड के अधिकारी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और उनके फोन भी नहीं उठा रहे हैं। भीषण गर्मी में बीमार पड़ रहे हैं बच्चे प्रदर्शनकारियों ने बताया कि घरों में छोटे बच्चे हैं, जो स्कूल से लौटने के बाद भीषण गर्मी के कारण बीमार पड़ रहे हैं। मोहल्ले में कई ऐसे मरीज भी हैं जिनकी हाल ही में सर्जरी हुई है और डॉक्टरों ने उन्हें लगातार ताजी हवा में रहने की सलाह दी है, लेकिन बिजली कटौती से उनकी स्थिति बिगड़ रही है। निवासियों ने सवाल उठाया कि पावरकॉम द्वारा रखरखाव का काम गर्मियों के बजाय ठंडे मौसम में भी किया जा सकता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें मुफ्त बिजली नहीं चाहिए, बल्कि सरकार से 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की मांग है। स्थिति नहीं सुधरी तो विधायक का घर घेरेंगे हम बिजली बोर्ड के अधिकारियों के दफ्तर के बाहर, या फिर बठिंडा के विधायक के घर के बाहर भी विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे अपना विरोध प्रदर्शन और तेज करेंगे और एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
