कोटा में प्रेमी की धमकियों से परेशान होकर एक महिला ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। 6 साल की बेटी घर आई तो मां फंदे से लटकी मिली। बेटी रोते हुए अपने मामा के घर पहुंची और सारी बात बताई। इसके बाद मामा और नानी मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारकर इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मामला अनंतपुरा थाना इलाके में शनिवार दोपहर 2 बजे का है। ASI कुंदन सिंह ने बताया- हॉस्पिटल से महिला किरण (31) निवासी क्रेशर बस्ती की फंदा लगाने से मौत की सूचना मिली। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। परिजनों ने पड़ोसी पर परेशान करने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। मृतका की 6 साल की बेटी ने बताया- शुक्रवार रात को भी पड़ोसी जालिम (प्रेमी) घर आया था। जालिम ने मां को धमकाया था, जिसके बाद मम्मी रोने लग गई थीं। 10 साल पहले शादी हुई थी शादी
मृतका के बड़े भाई श्याम ने बताया- मेरी बहन किरण की 10 साल पहले शादी हुई थी। बहन के 2 बच्चे (6 साल और 4 साल) हैं। बहन की शादी के कुछ साल बाद ही जीजा की मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार ने बहन की दूसरी जगह शादी (नाता) की थी। इसी बीच किरण क्रेशर बस्ती में ही रहने वाले जालिम नाम के व्यक्ति के संपर्क में आ गई। इस बारे में दूसरे पति को पता चल गया और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद पति 4 साल के बच्चे को लेकर अलग हो गया, जबकि किरण अपनी बेटी के साथ रहने लगी। बहन के घर आता था जालिम
श्याम ने आगे बताया- इसी का फायदा उठाकर जालिम ने किरण से नजदीकियां बढ़ाईं। वह अक्सर किरण के घर आया-जाया करता था और किरण से फोन पर बात करता था। 3-4 महीने पहले जब जालिम को टोका था, तब झगड़ा हुआ था। जालिम के पिता ने मेरी मां के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत अनंतपुरा थाने में दी गई थी। श्याम ने बताया- जालिम मेरी बहन को परेशान करता था और उसे धमकाता था। 250 मीटर की दूरी पर छोटे भाई का घर
श्याम ने बताया- किरण के घर से 250 मीटर की दूरी पर हमारा घर है, जहां छोटे भाई के साथ मम्मी रहती हैं। 6 साल की भांजी सुबह से हमारे घर पर थी। दोपहर में उसे ट्यूशन पढ़ने जाना था तो वह करीब 2 बजे अपने घर पहुंची तो किरण फंदे पर लटकी हुई थी। भांजी रोती हुई वापस छोटे भाई के घर आई और किरण के फंदे पर लटकने के बारे में बताया। इसके बाद छोटा भाई और मम्मी किरण के घर गए। वहां जाकर देखा तो किरण साड़ी का फंदा बनाकर लटकी हुई थी। उन्होंने उसे नीचे उतारा और हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।