जोधपुर में शुक्रवार रात हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक गंभीर घायल हो गया। युवक का इलाज शहर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में चल रहा है। घटना शहर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के न्यू पावर हाउस सेक्टर 7 में रात करीब 9 बजे की है। शास्त्री नगर थानाधिकारी जुल्फीकार अली ने बताया कि रविंद्र के शरीर पर 9 घाव हैं। मामले की जांच की जा रही है। इस दौरान हमला करने वाले तुषार (18) के हाथ पर भी चाकू लग गया था। घायल युवक रविंद्र (23) के साथ मौजूद उसके दोस्त अजय (23) ने बताया कि बाइक सवार आए बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में रविंद्र के शरीर पर 9 घाव हो गए हैं। बाइक सवारों ने किया हमला, जमीन पर पटक कर पीटा शास्त्री नगर थानाधिकारी जुल्फीकार अली ने बताया कि घायल रविंद्र सब्जी बेचने का काम करता है। हादसे के दौरान उसका दोस्त अजय भी उसके साथ था। अजय ने पुलिस को बताया कि दोनों सेक्टर 7 स्थित एक चाय की होटल पर आए थे। वो चाय पीकर निकल रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने रविंद्र को आवाज दी। जब उसने अनसुना कर दिया तो उसे गाली दी। इस पर रविंद्र ने टोका तो इन लोगों के बीच में विवाद हो गया। कुछ ही देर में बाइक सवार एक युवक ने चाकू निकाला और रविंद्र के पेट पर हमला कर दिया। बाइक सवार के साथ मौजूद एक अन्य युवक ने रविंद्र के साथ मारपीट की। पेट, सीने और सिर पर हमला किया, 9 घाव आए अजय ने बताया- वह उसे बचाने के लिए दौड़े। इतने में उन लोगों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। रविंद्र को जमीन पर पटककर पीटने लगे। हमें नहीं पता था कि उनके पास चाकू है। इतने में एक ने चाकू निकाला और रविंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। थाना​धिकारी जुल्फिकार अली ने बताया- रविंद्र के पेट, हाथ, कमर और जांघ पर वार किया। इस हमले में करीब 8 से 9 घाव हो गए। उन्होंने बताया- रविंद्र ने बताया कि इस दौरान उसके गले में पहनी सोने की चैन भी ले गए। इस दौरान हमला करने वाले युवक के हाथ में भी चाकू लग गया। उसका इलाज महात्मा गांधी हॉस्पिटल में चल रहा है। हमले के बाद मौके पर मौजूद लोग रविंद्र को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। इधर, घटना के बाद शनिवार को शास्त्री नगर थाना के एएसआई समेत अन्य पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जानकारी ली।