प्रतापगढ़ में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कोतवाली थाना प्रतापगढ़ में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) एवं शांति समिति की बैठक हुई। बैठक का नेतृत्व डीएसपी गजेंद्र सिंह राव और कोतवाली थाना अधिकारी शंभू सिंह ने किया। इस बैठक में सीएलजी और शांति समिति के सदस्यों के साथ-साथ हिंदू एवं मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। नगर परिषद, बिजली विभाग, जलदाय विभाग, सीवरेज विभाग, फायर ब्रिगेड और टीवी-इंटरनेट केबल ऑपरेटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। जुलूस मार्गों की समीक्षा की
बैठक के दौरान मोहर्रम जुलूस के मार्गों की विस्तृत समीक्षा की गई। रास्तों में आने वाली संभावित बाधाओं जैसे अतिक्रमण, बिजली लाइनों, जलभराव और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। संबंधित विभागों को इन मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। डीएसपी गजेंद्र सिंह राव ने सभी उपस्थित लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के कोई भी पोस्ट या संदेश साझा न करने की बात कही। राव ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। इसके अलावा, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। बैठक के समापन पर, हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने आपसी सद्भाव और भाईचचारे के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया। उन्होंने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भी भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
