प्रतापगढ़ पुलिस ने चेन स्नेचिंग के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बांसवाड़ा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी की चेन खरीदने वाले एक आरोपी को भी पकड़ा गया है। घटना 18 मार्च को पीपलखूंट में हुई थी। पीड़ित प्रदीप कुमार जैन ने 19 मार्च 2026 को पीपलखूंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया- दो अज्ञात व्यक्ति मैन रोड नीम रोड के पास स्थित उसकी दुकान पर आए थे। उन्होंने प्रदीप की माता मानु देवी के गले से लगभग तीन तोले की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। मानु देवी के शोर मचाने पर प्रदीप ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी सफेद रंग की अपाचे टीवीएस बाइक पर सवार होकर भाग निकले। बाइक का नंबर नहीं देखा जा सका था। इस संबंध में पीपलखूंट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश की। जांच में सामने आया कि हिम्मतनगर थाने (गुजरात) में चेन स्नेचिंग के एक अन्य मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इन आरोपियों ने हिम्मतनगर (गुजरात), कलोल (गुजरात), बिच्छीवाड़ा और घाटोल जैसे क्षेत्रों में भी चेन स्नेचिंग और मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस पूछताछ के दौरान, उन्होंने पीपलखूंट क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना को भी स्वीकार किया। इसके बाद, पुलिस ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और इन वांछित आरोपियों को जिला जेल बांसवाड़ा से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। मामले में आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी सुनील कुमार जाखड़ के मार्गदर्शन में थानाधिकारी छबीलाल के नेतृत्व में की गई।