पानीपत जिले में एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस ने बबैल से बराना रोड पर एक युवक को 31.25 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करनाल की विकास कॉलोनी निवासी रिंकू के रूप में हुई है। एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि बुधवार देर शाम उनकी टीम बबैल गांव में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि करनाल निवासी एक युवक मादक पदार्थ बेचने के लिए बाइक पर बराना गांव से बबैल गांव की ओर आ रहा है। पुलिस को देख भागने का प्रयास किया सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत बबैल से बराना रोड पर पहुंची। कुछ देर बाद बराना गांव की तरफ से एक युवक पल्सर बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर युवक ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान रिंकू, निवासी विकास कॉलोनी, करनाल के रूप में बताई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ योगेंद्र मान की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई। उसकी लोअर की जेब से पॉलीथिन में पैक 31.25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पंजाब से हेरोइन खरीदकर लाया था सब इंस्पेक्टर सुभाष के अनुसार, पूछताछ में आरोपी रिंकू ने बताया कि वह जल्दी पैसे कमाने के लिए 5-6 दिन पहले पंजाब के लुधियाना से एक युवक से 50 ग्राम हेरोइन खरीद कर लाया था। उसने कुछ हेरोइन राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दी थी। बुधवार को वह बची हुई 31.25 ग्राम हेरोइन को बेचने के लिए बबैल-बराना रोड पर ग्राहक की तलाश में आया था। पुलिस ने आरोपी रिंकू के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास करेगी।
