राजस्थान में आर्मी एरिया की जासूसी की जा रही थी। इसके लिए छावनी इलाकों में सोलर कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों को पाकिस्तानी हैंडलर्स ऑपरेट कर रहे थे। जिसका लाइव फुटेज पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (ISI) को भेजा रहा था। अलवर और बीकानेर में लगे इन सोलर कैमरों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हटवा दिया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली और पंजाब से भी ऐसे ही मामले में 11 जासूसों और आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। सूत्रों के अनुसार- शुरुआती जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स, आईएसआई और आतंकी संगठन के साथ मिलकर भारत में आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे। टीम चार दिन पहले आई थी। फिलहाल एजेंसियां पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई हैं। अलवर और बीकानेर में संदिग्धों की तलाश जारी सूत्रों के मुताबिक-दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अलवर और बीकानेर में सक्रिय हैं। अलवर से एक संदिग्ध को पकड़ा गया है। वहीं अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है। सूत्रों के अनुसार- सोलर कैमरे सेना की छावनी से जुड़े संवेदनशील इलाकों के पास लगाए गए थे। इन कैमरों के जरिए सेना की आवाजाही पर नजर रखी जा रही थी, जिसका लाइव फुटेज सीधे पाकिस्तान की एजेंसियों तक भेजा जा रहा था। इन कैमरों को ऑपरेट भी पाकिस्तानी हैंडलर्स कर रहे थे। आतंकी संगठन बब्बर खालसा से जुड़ा नेटवर्क जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क आईएसआई और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़ा हुआ है। जासूसों को सेना और अर्धसैनिक बलों के ठिकानों की जानकारी जुटाने,फोटो-वीडियो बनाने और वहां सोलर सीसीटीवी कैमरे लगाने का टास्क दिया गया था। देश के सैन्य और सुरक्षा ठिकानों पर थी नजर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब में भी कार्रवाई की थी। वहां भी सेना से जुड़े संवेदनशील इलाकों में कैमरे लगाए गए थे। दोनों जगह से कुल 11 जासूस और आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर देश के अलग-अलग जगहों से कुल 9 सोलर सीसीटीवी कैमरे बरामद किए गए हैं। ये कैमरे कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, पटियाला, मोगा, अंबाला, कठुआ, राजस्थान के बीकानेर और अलवर जैसे शहरों में सैन्य और सुरक्षा ठिकानों के पास लगाए गए थे। जासूसों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डिवाइस से बड़ी मात्रा में संवेदनशील डाटा, फोटो, वीडियो और लोकेशन से जुड़ी जानकारी मिली है।

You missed