सीएम भजनलाल शर्मा ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल में राजस्थान में भी प्रति व्यक्ति आय बढ़ी हैं। पहले राजस्थान के प्रति व्यक्ति आय 69 हजार थी। आज 2 लाख 5 हजार रुपए हैं। साल 2014 से पहले राजस्थान में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में 53 हजार किमी सड़क बनी थी। आज यह आंकड़ा 86 हजार किलोमीटर पार कर चुका है। पहले सामाजिक सुरक्षा का लाभ 57 लाख लोगों को मिल रहा था। आज लाभार्थियों की संख्या 90 लाख पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि हमने वादा किया था कि हम किसानों को 2027 में दिन में बिजली देंगे। लेकिन हम अभी 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दे रहे हैं। पहले बोर्डर पर सैनिकों के सिर काटकर ले जाते थे
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि साल 2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, उससे पहले देश की स्थिति आप जानते हैं। महंगाई, आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार चरम पर था। सीमाओं पर किस तरह की वारदात होती थी। सैनिकों के सिर काट कर ले जाते थे। लेकिन राजनीतिक इच्छा शक्ति निर्बल हो गई थी, इसका कोई जवाब नहीं दिया जाता था। लेकिन 2014 के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा में कदम उठाते हुए नक्सलवाद और आतंकवाद को करारा जवाब दिया गया। पहलगांव की आतंकी घटना का बदला ही नहीं लिया गया, बल्कि सीमा पार आतंक को खत्म भी किया गया। 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने प्रधान सेवक के रूप में काम किया। पिछले 12 साल के कार्यकाल में देश के करोड़ों लोगों को पहली बार बड़े स्तर पर पक्के घर, बिजली, गैस कनेक्शन, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं पहुंच पाई। इसी प्रकार करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोलकर सरकारी मदद उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार 80 करोड़ से अधिक नागरिकों को मुफ्त राशन की सुविधा और 60 करोड़ से अधिक गरीबों को 5 लाख तक के मुफ्त इलाज का भरोसा मिला। प्रधानमंत्री की इन्हीं कामों की बदौलत 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए।