जोधपुर में शुक्रवार देर रात को शराब के नशे में एक बिजली कर्मचारी अब्दुल रशीद तलवार लेकर गिरदीकोट जीएसएस (विद्युत सब-स्टेशन) ऑफिस पहुंच गया। शराब के नशे में पहुंचे कर्मचारी ने हंगामा करना शुरू कर दिया। वह समझाइश करने आए अधिकारियों औ कर्मचारियों को धमकाने लगा और कहा- किसी को नहीं छोडूंगा। मामला जोधपुर शहर के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित गिरदीकोट जीएसएस में शुक्रवार देर रात करीब 10:30 बजे का है। पुलिस के मुताबिक, कर्मचारी का जीएसएस ऑफिस में ही किसी दूसरे कर्मचारी से विवाद चल रहा था। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में बिजली कर्मचारी अब्दुल रशीद के हाथ में तलवार दिखाई दे रही है। हंगामा के दौरान वीडियो में अधिकारी-कर्मचारी उससे समझाइश का प्रयास करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। कोतवाली थानाधिकारी अनिल यादव ने बताया कि इस घटनाक्रम के बाद थाने में रिपोर्ट दी गई थी। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी कर्मचारी को शुक्रवार को ही देर रात 2 बजे हिरासत में लेकर शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, दूसरे पक्ष की ओर से अभी कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के मुताबिक ही आरोपी को शांतिभंग में पकड़ा है। पहले देखिए, हंगामे से जुड़ी 4 PHOTO’S किसी दूसरे कर्मचारी से था विवाद, शराब के नशे में पहुंचा था थानाधिकारी ने बताया कि विवाद करने वाले आरोपी कर्मचारी का किसी दूसरे कर्मचारी के साथ विवाद चल रहा था। विवाद के चलते वह शराब के नशे में तलवार लेकर जीएसएस के ऑफिस पहुंच गया। इस दौरान एएईएन समेत बाकी कर्मचारी भी वहीं पर मौजूद थे। आरोपी कर्मचारी तलवार लहराते हुए हंगामा करने लगा। इस दौरान समझाइश करने आए अधिकारी और बाकी कर्मचारियों से भी उलझने लग गया और चिल्लाते हुए उन्हें भी धमकी देने लगा। हाथ से तलवार छिनी, देर रात थाने पहुंचा स्टाफ थानाधिकारी अनिल यादव ने बताया कि इस दौरान वहां मौजूद स्टाफ ने उसे पकड़ लिया और तलवार उसके हाथ में से छिन ली। इस बीच पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची, लेकिन पुलिस को देख विवाद करने वाला कर्मचारी मौके से भाग गया। पूरे घटनाक्रम के बाद सहायक अभियंता(असिस्टेंट इंजीनियर), नगर उपखंड प्रथम राजेश पुरोहित समेत स्टाफ थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर पूरा घटना बताई। रिपोर्ट मिलने बाद पुलिस की ओर से आरोपी की तलाश में दबिश दी गई। थानाधिकारी अनिल यादव ने बताया कि रिपोर्ट को अभी जांच में रखा गया है, जो मेरे पास है। अधिकारियों का कहना था कि इनके आपस का मामला है।