जयपुर में बिजनेसमैन को दहेज के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। 24 साल के बिजनेसमैन ने जयपुर के एक पुलिस स्टेशन में बुधवार शाम युवती के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। बिजनेसमैन का आरोप है कि मुझसे 12 साल बड़ी युवती ने प्लानिंग के तहत मेरी कंपनी में जॉब हासिल की। फिर मुझे झूठे प्यार में फंसाया। मैंने घरवालों को बिना बताए उससे शादी कर ली, उसी दिन युवती का व्यवहार बदल गया। जांच अधिकारी हेड कॉन्स्टेबल शंकरलाल ने बताया- जयपुर के रहने वाले बिजनेसमैन ने थाने में रिपोर्ट दी थी। युवती ने बिजनेसमैन से नजदीकियां बढ़ाकर आर्य समाज में शादी की। अब वह परिवार को दहेज के झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है। उसने बैंक अकाउंट से 1 लाख रुपए भी निकाल लिए। अब उसे ब्लैकमेल कर 50 लाख की डिमांड कर रही है। पीड़ित को बयानों के लिए बुलाया गया है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई हो सकेगी। 3 साल पहले शुरू हुई थी बातचीत बिजनेसमैन का आरोप है कि मैं एक कंपनी चलाता हूं। जयपुर की एक कंपनी से मेरा बिजनेस कॉन्टैक्ट है। उस कंपनी में आरोपी युवती जॉब करती थी। बिजनेस कॉन्टैक्ट होने के कारण साल 2023 से युवती की ओर से अक्सर मुझे कॉल कर कॉन्टैक्ट किया जाता था। वह बातचीत के दौरान खुद को दिल्ली मेट्रो सिटी की होना बताकर जॉब के लिए डेडिकेटेड दिखाती थी। जॉब पर फोकस करने के कारण शादी और अन्य संबंधों में उसकी कोई दिलचस्पी नहीं होने की कहती थी। विश्वास में लेकर कंपनी में जॉब हासिल की बिजनेसमैन का आरोप है- युवती ने कहा था कि उसके सचिवालय में बड़े-बड़े मंत्रियों से कॉन्टैक्ट हैं। कई MNC के लिए दुबई जाकर भी सेल्स का काम किया है। विश्वास दिलाने के लिए पासपोर्ट की कॉपी भी भेजी थी। उसने कहा था कि वह कंपनी के लिए अच्छा बिजनेस लाकर दे सकती है। प्लानिंग के तहत आरोपी युवती ने मेरी कंपनी में जॉब हासिल की। जनवरी-2026 को 65 हजार रुपए प्रति माह की सैलरी पर जॉब पर रख लिया। प्यार के जाल में फंसाने के लिए कहती- तुम्हारे बिना नहीं रह सकती युवती नौकरी जॉइन करने के बाद झूठे प्यार के जाल में फंसाने के प्रयास में जुट गई। बिजनेसमैन के केबिन में आकर बैठ जाती। घंटों प्यार भरी बातें करती। वीडियो कॉल करती। खुद के फ्लैट पर ले जाकर रोमांटिक मूवी दिखाकर उसे उकसाने लगी। बातचीत के दौरान विश्वास दिलाती कि वह उसे और उसके परिवार को पसंद करती है। अगर वह शादी कर लेता है तो दोनों परिवार के साथ हंसी-खुशी मिल-जुलकर रहेंगे। कहती- तुम्हारे बिना नहीं रह सकती। तुम्हारी प्रॉपर्टी में मुझे कोई दिलचस्पी नहीं है। प्यार करती हूं और शादी करना चाहती हूं। बिजनेसमैन ने बिना बताए की शादी 29 अप्रैल 2026 को जयपुर के आर्य समाज में परिवार को बिना बताए बिजनेसमैन ने शादी कर ली। शादी कर लौटते समय कार में ही युवती का व्यवहार बदल गया। उसने गाली-गलौज कर बिजनेसमैन के एटीएम कार्ड छीन लिए। शादी करने के बारे में बिजनेसमैन को अपने घरवालों को बताने का दबाव बनाने लगी। आगरा मिलने बुलाया, 50 लाख की डिमांड की मई-2026 के फर्स्ट वीक में उसके आगरा (यूपी) जाने का पता चला। आगरा की रहने वाली होने के बाद भी उसने दिल्ली के मूल आईडी डॉक्यूमेंट बनवा रखे थे। दिल्ली की होने वाली बताकर बिजनेसमैन को धोखा देती रही। आगरा जाने के बाद आरोपी युवती ने ही बिजनेसमैन के घरवालों से कॉन्टैक्ट किया। शादी करने की बताकर परिवार को मिलने के लिए आगरा आने का दबाव बनाया। आगरा के होटल में बिजनेसमैन के साथ मां और बहन भी गई। उसने 50 लाख रुपए देने की डिमांड रखी। पैसे नहीं देने पर दहेज के झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। अकाउंट से 1 लाख रुपए निकाले धमकी सुनकर बिजनेसमैन परिवार के साथ जयपुर लौट आया। वह उसे ब्लैकमेल करने लगी। प्रॉपर्टी और पैसे हड़पने के लिए बार-बार कॉन्टैक्ट करने लगी। डिमांड पूरी नहीं करने पर 8 जून को जयपुर आकर हंगामा किया। बिजनेसमैन के अकाउंट से बिना बताए 1 लाख रुपए निकाल लिए। ब्लैकमेलिंग के टॉर्चर से परेशान होकर पीड़ित बिजनेसमैन ने कोर्ट के आदेश पर युवती के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। … ये खबर भी पढ़िए… जयपुर- लिव-इन पार्टनर ने बिजनेसमैन से 25 लाख रुपए ऐंठे:आरोप- बायॅफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची; बेटे को भी ले गई जयपुर में बिजनेसमैन को प्यार के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर 25 लाख रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उसका एक्सीडेंट करवाकर हत्या की भी साजिश की। (पढ़िए पूरी खबर)