शादी के सपने लेकर घर से निकले प्रेमी जोड़े को नागौर के मेड़ता रोड स्टेशन पर ट्रेन से उतरना भारी पड़ गया। दोनों प्लेटफॉर्म पर उतरकर बातचीत में मशगूल हुए और पीछे ट्रेन चल पड़ी। कुछ देर बाद याद आया कि 10 लाख 76 हजार रुपए और जेवर से भरा बैग ट्रेन में ही रह गया। घटना के बाद दोनों आरपीएफ के पास पहुंचे तो आरपीएफ ने आगे के स्टेशन पर फोन कर बैग तो ढूंढ निकाला। लेकिन ज्यादा पैसे और दोनों की हालत देखकर शक हुआ तो परिजनों से संपर्क किया। जहां पर दोनों की गुमशुदगी दर्ज होने की बात सामने आई। लड़की नाबालिग है। दोनों जोधपुर के अलग-अलग के रहने वाले है। दोनों पड़ोस में स्थित तीसरे गांव के स्कूल में पढ़ते हैं। जोधपुर से बैठे थे, लड़की नाबालिग नागौर स्टेशन के आरपीएफ एसआई रमेश कुमार ने बताया-जोधपुर से साबरमती-लालगढ़ एक्स्प्रेस ट्रेन में जोधपुर के अलग-अलग गांवों में रहने वाले युवक और नाबालिग लड़की बैठे थे। लड़के की उम्र 19 साल और लड़की की उम्र 17 साल 8 महीने है। दोनों अपने साथ 10 लाख 76 हजार रुपए और जेवर से भरा बैग भी लेकर जा रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे ट्रेन मेड़ता रोड़ स्टेशन पहुंची। दोनों यहां ट्रेन से उतरकर बाते करने लगे। इसी दौरान ट्रेन निकल गई। ट्रेन जाने के बाद दोनों को याद आया कि बैग तो ट्रेन में ही छूट गया है। जिसके मेड़ता रोड़ आरपीएफ के पास पहुंचे। रेलवे पुलिस ने तुरंत नागौर आरपीएफ को सूचना दी। नागौर स्टेशन पर सुबह करीब सवा 5 बजे ट्रेन से बैग बरामद कर लिया गया और बाद में मेड़ता रोड स्टेशन ले आए। बैग में ये सामान मिला बैग में 10 लाख 76 हजार 30 रुपए नकद, चांदी जैसी धातु के चार सिक्के, दो बिछिया, एक घुघरी और सोने जैसी धातु की चार लांग मिलीं। साथ ही आईफोन-15 प्रो, स्मार्ट वॉच, पावर बैंक और चार्जर के अलावा दो रेल टिकट, युवक के शैक्षणिक डॉक्यूमेंट, आधार कार्ड और आईफोन का बिल भी मिला। दोनों की गुमशुदगी दर्ज थी बैग में इतने पैसे और दोनों की हालत देखकर पुलिस टीम ने दोनों के परिजनों से संपर्क किया। इस दौरान दोनों के परिजनों ने बताया कि दोनों की गुमशुदगी अलग-अलग थानों में दर्ज है। पूछताछ में पता चला कि दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। हमने जोधपुर पुलिस से संपर्क किया। जोधपुर से पहुंची टीम को लड़के और लड़की के साथ पैसों और नगदी से भरा बैग सौंप दिया। पैसे लड़की या लड़के में से किसके है, ये जोधपुर पुलिस जांच करेगी।
