मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या के विरोध में बुधवार शाम फिरोजपुर में कैंडल मार्च निकाला गया। दिल्ली गेट से शहीद ऊधम सिंह चौक तक निकाले गए मार्च में लोगों ने नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की और सरकार के खिलाफ रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को फिरोजपुर बंद रखने की अपील की है। उनके अनुसार, सुबह से शाम पांच बजे तक दुकानें और दफ्तर बंद रहेंगे, जबकि आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। प्रदर्शन के दौरान मान सिंह किल्ली ने कहा कि परविंदर झोटा नशे के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहा था। उसकी हत्या ने पंजाब में नशे के कारोबार और इस पर अंकुश लगाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नशे की समस्या गंभीर बनी हुई है। भगवंत मान से इस्तीफे की मांग वहीं, दीप दशानंद ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन चार साल बाद भी समस्या बरकरार है। प्रदर्शनकारियों ने नशे की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने और परविंदर झोटा की हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।