तरनतारन जिले के खेमकरण थाना पुलिस ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित गांव भूरा करीमपुरा के खेतों से 491 ग्राम हेरोइन और 90 ग्राम पैकिंग सामग्री बरामद की है। इस संदर्भ में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तरनतारन के एसएसपी सुरिंदर कुमार लांबा के अनुसार, थाना खेमकरण के एएसआई जगदीश सिंह के नेतृत्व में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान खेतों में पड़ा एक पीला पैकेट बरामद हुआ। जांच करने पर उस पैकेट से हेरोइन और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। पाकिस्तानी कनेक्शन की आशंका पुलिस ने इस मामले में धारा 21-सी, 61, 85 और 25/26/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा नंबर 91 दर्ज किया है। प्राथमिक जांच में बरामद हेरोइन की खेप पाकिस्तान से भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।
