चंडीगढ़ में बुधवार सुबह सेक्टर-44 में डिस्पेंसरी के पास काम पर जा रही महिला को एक्टिवा सवार दो युवकों ने निशाना बनाया। आरोपी पहले महिला को पार करके कुछ आगे गए और फिर एक्टिवा रोक ली। इसके बाद पीछे बैठा युवक महिला के पास पहुंचा और उसके कान में पहनी सोने की एक बाली झपटकर फरार हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर मौके से भाग निकले। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सेक्टर-34 थाना पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। शिकायत में बुड़ैल, सेक्टर-45 निवासी शिव रानी ने बताया कि वह सेक्टर-44 की कोठियों में साफ-सफाई का काम करती है। बुधवार सुबह करीब 10:50 बजे वह अपने घर से पैदल काम के लिए निकली थी। जब वह सेक्टर-44 डिस्पेंसरी के दाईं ओर वाली सड़क से गुजर रही थी, तभी सामने से एक्टिवा पर सवार दो युवक आए। शिव रानी के मुताबिक, दोनों युवक उसे पार करके कुछ आगे चले गए और फिर एक्टिवा रोक ली। महिला को इसका अंदाजा नहीं था कि दोनों युवक उसे निशाना बनाने वाले हैं। इसी दौरान एक्टिवा पर पीछे बैठा युवक उतरा और पीछे से आकर उसके कान में पहनी सोने की एक बाली झपट ली। वारदात के बाद एक्टिवा पर फरार हुए आरोपी महिला के कान से बाली झपटने के बाद आरोपी तुरंत अपने साथी के साथ एक्टिवा पर बैठा और दोनों मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी अचानक हुई कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला से वारदात के बारे में जानकारी ली। शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज से पहचान में जुटी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों की गतिविधियों का पता लगा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आरोपी किस रास्ते से आए थे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। फिलहाल सेक्टर-34 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।