भरतपुर में पति से परेशान पत्नी ने सुजान गंगा नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद 2 बच्चों ने महिला को डूबता देख महज 50 मीटर दूर पुलिस चौकी पर पहुंचकर इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और रस्सी फेंकी और 3 मिनट में रेस्क्यू किया। बाहर निकालते ही महिला की हालत बिगड़ी हुई थी। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल भेजा गया। घटना रविवार सुबह 11:50 बजे भरतपुर के चौबुर्जा इलाके स्थित सुजान गंगा नहर की है। पहले रस्सी डाली, फिर सीढ़ी से किया रेस्क्यू मथुरा गेट थाने के एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मी चौकी पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी दो बच्चे घबराए हुए दौड़ते हुए चौकी पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक महिला सुजान गंगा नहर में कूद गई है और डूब रही है। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी बिना देर किए रस्सी लेकर मौके के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचने तक महिला नहर के तेज बहाव में संघर्ष कर रही थी। पुलिस ने तुरंत उसकी ओर रस्सी फेंकी। महिला ने किसी तरह रस्सी पकड़ ली और उसी के सहारे खुद को पानी में संभालकर रखा। इसी दौरान वहां से बिजली विभाग की एक गाड़ी गुजर रही थी। पुलिस ने गाड़ी रुकवाई और उसमें रखी नशेनी (सीढ़ी) मंगवाकर नहर में उतरवाई। इसके बाद एक युवक सीढ़ी के सहारे सावधानी से नहर में उतरा। वह धीरे-धीरे महिला तक पहुंचा और उसे संभालकर सीढ़ी तक लेकर आया। ऊपर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने मिलकर महिला को बाहर खींच लिया। फोटोज में देखें… पति की शराब की लत से थी परेशान महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है। वह शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घर की ज्यादातर कमाई भी शराब में खर्च कर देता था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। इन सब बातों से वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार को भी वह पति की हरकतों से बेहद परेशान थी। उसने पुलिस से कहा, “मैं बहुत परेशान हो गई हूं।” इसी तनाव में उसने आत्महत्या करने की नीयत से सुजान गंगा नहर में छलांग लगा दी। हालांकि, समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पानी में डूबने के दौरान उसके मुंह और पेट में काफी पानी चला गया। बाहर निकालने के समय वह लगातार खांस रही थी, सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और बेहद कमजोर महसूस कर रही थी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया आरबीएम हॉस्पिटल में भर्ती रेस्क्यू के बाद महिला को सुजान गंगा नहर से निकालकर पहले पुलिस चौकी लाया गया। इसके बाद एंबुलेंस से उसे आरबीएम हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।