गर्मी में बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने राजस्थान संपर्क क्रांति और बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट ट्रेनों में तीन-तीन अतिरिक्त डिब्बे लगाने का फैसला लिया है। इससे सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी। वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया- ट्रेन संख्या 12463/12464 दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर राजस्थान संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अस्थाई रूप से एक थर्ड एसी, एक स्लीपर और एक सामान्य श्रेणी का अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा। यह अतिरिक्त व्यवस्था दिल्ली सराय रोहिल्ला से 3 जून से 1 जुलाई तक और जोधपुर से 4 जून से 2 जुलाई तक प्रभावी रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 22463/22464 बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी एक थर्ड एसी, एक स्लीपर एवं एक जनरल कैटेगरी का अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। यह सुविधा बीकानेर से 2 जून से 30 जून तक तथा दिल्ली सराय रोहिल्ला से 5 जून से 3 जुलाई तक उपलब्ध रहेगी। रेलवे के अनुसार, अतिरिक्त कोचों के संचालन से यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी। गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। पुरी-जोधपुर ट्रेन री स्टोर रहेगी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिलासपुर मण्डल के बिलासपुर-चाँपा स्टेशनों के मध्य तीसरी और चौथी लाइन व ऑटो सिग्नलिंग के लिए किया जाने वाला कार्य स्थगित हो जाने के कारण रद्द ट्रेनें री स्टोर रहेंगी। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार उपरोक्त कार्य के कारण गाड़ी संख्या 20813, पुरी-जोधपुर रेलसेवा दिनांक 10 जून को अपने निर्धारित रूट पर तय समय के अनुसार ही संचालित होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 20814, जोधपुर- पुरी रेलसेवा दिनांक 13 जून को अपने तय समय के अनुसार ही संचालित होगी।
