भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव कलसिया खुर्द में पुलिस, बीएसएफ (BSF) और एएनटीएफएफ (ANTFF) की संयुक्त टीम ने एक बड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान 4 लाख रुपये मूल्य की जाली भारतीय करंसी बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस खेप को पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में गिराया गया था। एक दिन पहले भी सुरक्षा बलों को करीब 3 लाख 95 हजार से ज्यादा की करंसी मिली थी। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी भिखीविंड अतुल सोनी ने बताया कि थाना खालड़ा के एएसआई गुरनाम सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे। इस दौरान कलसिया खुर्द के खेतों में एक संदिग्ध पीला पैकेट दिखाई दिया। जब पैकेट की जांच की गई, तो उसमें से 500-500 रुपये के जाली नोटों के 8 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल राशि 4 लाख रुपये है। अज्ञात तस्करों पर मामला दर्ज, जांच जारी पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला संख्या 298 के तहत विभिन्न कानूनी धाराओं (178, 179, 180 और 25, 26, 29) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जाली नोटों की यह खेप सीमा पार पाकिस्तान में बैठे तस्करों द्वारा भेजे जाने का प्रबल संदेह है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही हैं और आने वाले दिनों में इस सीमा पार नेटवर्क को लेकर कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
