तरनतारन जिले में पंजाब पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीआईए स्टाफ तरनतारन द्वारा तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। यह अभियान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों पर चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह निवासी पंजवार और शिवराज सिंह उर्फ शिव निवासी मदार मथरा भागी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी तलाशी के दौरान 30 बोर के दो पिस्तौल, जिनमें एक मेड इन चाइना माउजर और एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल शामिल है, बरामद किए। इसके अलावा चार जिंदा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ थाना झबाल में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन का रिमांड हासिल किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक और साथी जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन का नाम उजागर किया, जो इस नेटवर्क का हिस्सा था।पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए जोबनजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 30 बोर का एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह इस मामले में कुल तीन पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सीमा पार से हथियार मंगवाकर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों और संभावित लिंक की जांच कर रही है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
