करौली साइबर थाना पुलिस ने “ऑपरेशन एंटी वायरस 2.0” अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए झारखंड से एक अंतर्राज्यीय साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने डॉक्टर की अपॉइंटमेंट दिलाने के बहाने एक व्यक्ति के मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड करवाकर उसे हैक कर लिया और बैंक खाते से 5 लाख 21 हजार 600 रुपए निकाल लिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से भी 1 लाख रुपए का ट्रांजेक्शन कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। गूगल पर खोजा नंबर, साइबर जाल में फंसा पीड़ित पुलिस के अनुसार पीड़ित मुकेश मीना इलाज के लिए डॉक्टर की अपॉइंटमेंट लेना चाहता था। इसके लिए उसने गूगल पर एक मोबाइल नंबर खोजा। हालांकि साइबर अपराधियों ने पहले से ही गूगल पर फर्जी नंबर अपलोड कर रखा था। जैसे ही पीड़ित ने उस नंबर पर संपर्क किया, आरोपी ने खुद को संबंधित सेवा से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए बातचीत शुरू कर दी। अपॉइंटमेंट के नाम पर भेजी APK फाइल शुरुआत में आरोपी ने अपॉइंटमेंट बुकिंग के नाम पर पैसे जमा कराने और ओटीपी प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन जब वह इसमें सफल नहीं हुआ तो उसने पीड़ित को “TOKEN BOOK APK” नाम की फाइल भेज दी। आरोपी के कहने पर जैसे ही पीड़ित ने यह फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों को मोबाइल की संवेदनशील जानकारी तक पहुंच मिल गई। खाते से उड़ाए 5.21 लाख, कार्ड से भी किया ट्रांजेक्शन मोबाइल हैक होने के बाद आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते से 5 लाख 21 हजार 600 रुपए निकाल लिए। इसके अलावा उसके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 1 लाख रुपए का अतिरिक्त ट्रांजेक्शन भी किया गया। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर थाना करौली में शिकायत दर्ज कराई। ऑपरेशन एंटी वायरस 2.0 में मिली सफलता करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश चंद मीना के सुपरविजन में गठित साइबर थाना टीम ने तकनीकी अनुसंधान, डिजिटल ट्रैकिंग और लगातार प्रयासों के आधार पर झारखंड निवासी आरोपी राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा आरोपी ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया है या नहीं। इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी कैलाश चन्द्र मीना, मोहिन्द्र सिंह, राजेश, रेनू, संदीप, नवज्योति सिंह और विष्णु सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
