डूंगरपुर शहर में सोमवार दोपहर अचानक मौसम बदला और रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और रुक-रुककर हल्की बरसात होती रही। बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। सुबह बादल, दोपहर में बारिश सोमवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दिन बढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया था। दोपहर करीब 1 बजे अचानक फिर से बादल घिर आए और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। कुछ देर तक रुक-रुककर हल्की बरसात होती रही। आकरसोल का नाका बांध पर चली चादर पिछले दिनों हुई बारिश के बाद आकरसोल का नाका बांध पानी से लबालब हो गया है। बांध पर हल्की चादर चल रही है। हालांकि, जिले में अब तक अच्छी बारिश नहीं होने के कारण कई छोटे-बड़े बांध और तालाब अभी भी खाली पड़े हैं। औसत बारिश की आधी ही हुई डूंगरपुर जिले में औसतन 750 एमएम बारिश होती है, लेकिन ढाई महीने में अब तक इसके मुकाबले करीब आधी बारिश ही दर्ज की गई है। ऐसे में किसान अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश का दौर फिर शुरू होने से किसानों को आगामी दिनों में अच्छी बरसात की उम्मीद जगी है।
