कोटा में दो बदमाशों ने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया। गुमानपुरा थाना क्षेत्र के शॉपिंग सेंटर स्थित सेंट्रल स्क्वायर मॉल में 15 अगस्त की देर रात करीब ढाई बजे यह घटना हुई। इसका सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने मामले में गुमानपुरा थाने में शिकायत की है। गुमानपुरा थाना अधिकारी एसके सिंह ने बताया- शिकायत ले ली गई है। सीसीटीवी आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक लिफ्ट से नीचे आते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने पहले लिफ्ट में लाइटर से कुछ जलाने की कोशिश की। इसके बाद बाहर निकलकर मॉल परिसर में लगे भारत के राष्ट्रीय ध्वज को आग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग की। मॉल के टॉप फ्लोर पर रेस्टोरेंट-बार जानकारी के अनुसार- 15 अगस्त को ड्राई-डे होने के बावजूद दोनों युवक मॉल की ऊपरी मंजिल से लिफ्ट से नीचे आते दिखाई दिए। मॉल के टॉप फ्लोर पर रेस्टोरेंट और बार संचालित होता है। देर रात तक यहां लोगों की आवाजाही रहती है। व्यापारियों ने थाने मे शिकायत दी है कि राष्ट्रीय ध्वज को 2 लड़कों ने आग लगा दी। घटना सामने आने के बाद व्यापारियों में नाराजगी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
