करौली में हिंडौन-बयाना रेलवे स्टेशन के बीच ढिंढोरा हुक्मीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे ट्रेन की चपेट में आने से महिला और दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। तीनों के शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलने पर हिंडौन रेलवे स्टेशन से GRP पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक से शवों को हटवाकर प्लेटफॉर्म पर रखवाया। जयपुर-बयाना पैसेंजर की चपेट में आए जीआरपी चौकी प्रभारी जीतेन्द्र सिंह ने बताया- दोपहर करीब 3 बजे बयाना-जयपुर पैसेंजर ट्रेन के लोको पायलट ने गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर एसएचओ जीआरपी को घटना की सूचना दी। जहां से हिंडौन रेलवे स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना मिली। हुक्मीखेड़ा रेलवे स्टेशन मास्टर ने ट्रेक पर जाकर देखा कि एक महिला और दो बच्चों के शव है। सूचना के बाद दो पुलिस कर्मियों को भेजा गया। मृतकों की पहचान नहीं होने पर शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। मृतक महिला की उम्र करीब 30 वर्ष, एक बालिका की उम्र 5 वर्ष और बालक की उम्र 4 वर्ष के करीब है। बच्चों का शव काफी क्षत-विक्षत है। शवों के पास बैग और सैंडल मिली मौके पर मौजूद लोगों से शवों की पहचान के संबंध में पूछताछ की गई है। शवों के पास से एक बैग और एक बच्चे की सैंडल मिली है। बैग में दोनों बच्चों के ही पकड़े मिले है। पहचान होने के बाद ही घटना के संबंध में और जानकारी सामने आ पाएगी। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी। प्रदेश के पुलिस थानों में सूचना भिजवा दी गई है। साथ ही अन्य राज्यों की पुलिस मुख्यालय पर इनके हुलिया भेज दिए है। ट्रेन का हुक्मीखेड़ा रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं है।