नगर निकाय नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को जिलेभर के नामांकन केंद्रों पर दिनभर चुनावी गहमागहमी रही। टोंक नगर परिषद सहित जिले की सभी 10 नगर निकायों में उम्मीदवारों ने बढ़-चढ़कर अपने पर्चे जमा कराए। सांख्यिकी प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी रामजीलाल शर्मा ने बताया कि शनिवार को कुल 206 अभ्यर्थियों ने 235 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। हालांकि दूसरे दिन भी भाजपा और कांग्रेस की ओर से अपनी आधिकारिक प्रत्याशी सूची जारी नहीं की गई। इसके बावजूद कई दिग्गज चेहरों ने पार्टी के नाम पर अपने पर्चे जमा कर दिए हैं। अकेले टोंक नगर परिषद में ही शनिवार को 43 अभ्यर्थियों ने 53 नामांकन दाखिल किए, जिनमें 16 पर्चे भाजपा और 11 पर्चे कांग्रेस के नाम से भरे गए हैं। इस बार के चुनावी मुकाबले में प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त अधिकारी भी अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू कर रहे हैं। पूर्व तहसीलदार पहलाद सिंह सोलंकी ने टोंक नगर परिषद के वार्ड नंबर 3 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा है। वहीं दूसरी ओर, रेल लाओ संघर्ष समिति के संयोजक और समाजसेवी अकबर खान ने भारी समर्थकों के साथ वार्ड नंबर 27 से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर अपना पर्चा दाखिल किया। मालपुरा में 58 प्रत्याशियों ने 63 नामांकन भरे
निकायवार नामांकनों में मालपुरा में 58 प्रत्याशियों ने 63, देवली में 39 प्रत्याशियों ने 46, उनियारा में 20 प्रत्याशियों ने 25, निवाई में 12 प्रत्याशियों ने 13 और लांबाहरिसिंह में 12 प्रत्याशियों ने 12 नामांकन पत्र जमा किए। इसके अलावा दूनी में 6 प्रत्याशियों ने 7, प्रत्याशियों और टोडारायसिंह में 6-6 प्रत्याशियों ने 6-6, और पीपलू में 4 प्रत्याशियों ने 4 पर्चे दाखिल किए हैं। वार्ड दो मतदाताओं ने किया मतदान का बहिष्कार:
नगर परिषद टोंक के वार्ड दो में स्थित डारडाहिंद के ग्रामीणों ने डारडाहिंद को ग्राम पंचायत ही रखने की मांग को लेकर नगर परिषद के मतदान का बहिष्कार कर दिया है। उनकी मांग है कि यहां कोई भी वोट दिलाने और प्रचार प्रसार करने नहीं आए। पूरा गांव एकमत होकर मतदान का बहिष्कार कर रहा है। आज शाम को भी इस गांव में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।