उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने सोमवार को जैसलमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ स्टेशन परिसर में स्वच्छता और व्यवस्थाएं लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए। 140 करोड़ की लागत से बन रहा नया स्टेशन डीआरएम ने करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे नए जैसलमेर रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को देखा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सुविधाओं का उचित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बों की जांच निरीक्षण के बाद डीआरएम ने जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20491) के कोचों का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेन में साफ-सफाई और हाउसकीपिंग व्यवस्था को देखा तथा यात्रियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सफाई कर्मचारियों से बातचीत की डीआरएम ने ट्रेन में कार्यरत सफाई कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और यात्रियों के साथ विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रेन में बेहतर साफ-सफाई और यात्रियों के प्रति अच्छा व्यवहार रेलवे की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। निरीक्षण के दौरान जैसलमेर स्टेशन मास्टर पंकज कुमार झा सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
