अलवर जिला परिषद की बैठक में जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर कलेक्टर आर्तिका शुक्ला पर जमकर बरसे। उन्होंने कलेक्टर की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे इस पद के योग्य नहीं हैं और उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। आखिर वे कब तक छुपकर काम करेंगी। छिल्लर ने कहा कि आज तक आर्तिका शुक्ला मीटिंग में कभी नहीं आईं, न ही उन्होंने अपना कोई प्रतिनिधि यहां भेजा। आज भी उनका कोई प्रतिनिधि बैठक में नहीं पहुंचा है। उनके खिलाफ सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा कि वह कलेक्टर लायक नहीं है। वह प्रशासनिक ढांचे को खराब कर रही हैं। जिला प्रमुख छिल्लर ने सवाल उठाते हुए कहा कि कलेक्टर नहीं आ रही हैं, हम निंदा करते हैं। इसे लेकर हम सरकार को प्रस्ताव भेजेंगे। वह क्यों नहीं आ रही? गद्दी पर बलवीर छिल्लर बैठा है, इसलिए नहीं आ रही क्या ? वह कब तक छुपकर काम करेंगी ? ये बात जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर ने गुरुवार को साधारण सभा की मीटिंग में उस वक्त बोली, जब पार्षदों ने मुद्दा उठाया कि मीटिंग में एसपी-कलेक्टर क्यों नहीं आते हैं, हमारी समस्याएं कौन सुनेगा। इसी बीच बैठक में पार्षद जगदीश जाटव अपने कंधे पर सिलेंडर लेकर पहुंच गए, जिससे पूरा घटनाक्रम और ज्यादा सुर्खियों में आ गया। बैठक में जीएसएस का पट्टा राज्य सरकार को भेजा गया, पुलिस चौकी का प्रस्ताव लाया गया और बिजली-पानी, मौसम और बीमारियों को लेकर चर्चा हुई। जिला परिषद की बैठक में 5 करोड़ 44 लाख रुपए के बजट को भी मंजूरी दी गई। साथ ही पार्षदों ने कलेक्टर और एसपी के मुद्दे उठाते हुए कहा कि कलेक्टर बैठकों में नहीं आतीं और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है, इसलिए मामला सरकार को लिखकर भेज दिया गया। पहले देखिए, ये PHOTO’S सांसद की गैरहाजिरी पर कांग्रेस-बीजेपी पार्षद आमने-सामने दरअसल, जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक में उस समय माहौल गरमा गया, जब भूपेंद्र यादव की लगातार गैरहाजिरी का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस पार्षद जगदीश जाटव और संदीप फोलादपुरिया ने आरोप लगाया कि सांसद एक बार भी बैठक में शामिल नहीं हुए और क्षेत्र की समस्याओं से दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सांसद सदन में क्यों नहीं आते। इस पर बीजेपी पार्षद गगनदीप ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि सांसद के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के पार्षद आपस में उलझ गए और सदन में तीखी बहस के साथ हंगामे की स्थिति बन गई। भूपेंद्र यादव सरकारें बनाने में निभाते हैं अहम भूमिका मामले को शांत कराने के लिए जिला प्रमुख को हस्तक्षेप करना पड़ा। जिला प्रमुख ने कहा कि भूपेंद्र यादव एक वरिष्ठ नेता हैं, जो सरकारें बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं और फिलहाल पश्चिम बंगाल के चुनाव में व्यस्त हैं। इसी कारण वे बैठक में शामिल नहीं हो सके। टेबल बजाते हुए कहा कि भूपेंद्र यादव क्यों नहीं आते कांग्रेस जिला पार्षद ने सांसद भूपेंद्र यादव की कुर्सी पर बैठकर कहा कि अलवर जिले के सांसद बैठक में क्यों नहीं आ रहे। पार्षद ने प्रमुख के सामने टेबल बजाते हुए सवाल उठाया कि वे क्यों नहीं आते। पार्षद कंधे पर गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे दफ्तर बैठक से पहले पार्षद जगदीश जाटव कंधे पर खाली गैस सिलेंडर उठाकर भी पहुंच गए। उनके इस अनोखे अंदाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और चर्चा का विषय बन गया। पार्षद ने ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का आरोप लगाया। गैस नहीं मिलेगी तो उनके कैसे पूरे होंगे सामाजिक कार्यक्रम पार्षद ने कहा कि आम लोगों को समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में भी गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों को ही गैस नहीं मिलेगी तो उनके सामाजिक कार्यक्रम कैसे पूरे होंगे। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। अधिकारी या सदस्य की शादी-बर्थडे बताएं, करेंगे सम्मान जिला प्रमुख ने भी बयान देते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी या सदस्य की शादी या जन्मदिन हो तो इसकी जानकारी दी जाए, प्रशासन उनकी खुशी के मौके पर उनका सम्मान करेगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और कोरम पूरा किया गया।
