जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता और प्रॉपर्टी डीलर के मकान पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस प्रकरण में गैंगस्टरों का वित्तीय प्रबंधन देखने वाले एक युवक को गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल आठ आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुजरात निवासी जयेश (43) पुत्र रणछोड़ भाई के रूप में हुई है। जयेश विदेश में बैठे गैंगस्टरों के लिए भारत में वित्तीय प्रबंधन का काम करता था। वह उनके निर्देश पर संबंधित लोगों को ऑनलाइन भुगतान करता था, जिससे ऐसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। पुलिस ने जयेश को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच को आगे बढ़ा रही है। इस फायरिंग प्रकरण में अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें दो शूटर्स, जयपुर निवासी दो सहयोगी युवक, गैंगस्टर रोहित गोदारा के माता-पिता, वीरेंद्र चारण के पिता और अब वित्तीय प्रबंधन देखने वाला जयेश शामिल हैं।
