मासलपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध सागर सरोवर पर सोमवार को गंगादशमी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने सरोवर में पुण्य स्नान किया, पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया। गंगादशमी के अवसर पर तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं का सागर सरोवर पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह से लेकर देर शाम तक स्नान करने वालों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में डुबकी लगाकर धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण किए और धर्म लाभ अर्जित किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार गंगादशमी पर पवित्र सरोवर में स्नान करने से पापों का नाश होता है और विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मेले में पहुंचे। मेले में करौली, धौलपुर और भरतपुर जिलों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। विभिन्न दुकानों और धार्मिक गतिविधियों के कारण पूरे दिन मेले में रौनक बनी रही। मेले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मासलपुर थानाधिकारी परमजीत सिंह पुलिस जाब्ते के साथ सरोवर परिसर और मेले में लगातार निगरानी करते रहे।