खैरथल थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और आमजन को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों, युवाओं और अन्य लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। हेलमेट के फायदे बताए
पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम में बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। हेलमेट न पहनने से दुर्घटना की स्थिति में सिर में गंभीर चोट लगने और जान जाने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। ट्रैफिक सिग्नलों का महत्व बताया
अभियान के तहत ट्रैफिक सिग्नलों के महत्व को समझाया गया। बताया गया कि लाल बत्ती पर गाड़ी को रोकना चाहिए, पीली बत्ती सावधानी बरतने और रुकने की तैयारी का संकेत देती है, जबकि हरी बत्ती होने पर ही वाहन आगे बढ़ाना चाहिए। इसके अलावा, गाड़ी निर्धारित गति सीमा में चलाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तेज गति से वाहन चलाना दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है, इसलिए सड़क और क्षेत्र के अनुसार निर्धारित गति का पालन करना अनिवार्य है। पुलिस ने वाहन चालकों को ये भी निर्देश दिए कि वे वाहनों में अनावश्यक और तेज रोशनी वाली एक्स्ट्रा लाइटें और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड हॉर्न का उपयोग न करें। ऐसी लाइटें सामने से आने वाले चालकों की दृष्टि बाधित करती हैं, वहीं तेज हॉर्न ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। महिला सुरक्षा सखी टीम ने भागीदारी निभाई
इस जागरूकता अभियान में महिला सुरक्षा सखी टीम की सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सुषमा, शिवानी, सोना, गोमती, सिमला, भगवती, रोशनी और काजल सहित अन्य महिलाओं ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। खैरथल थाना पुलिस के इस अभियान को लोगों का सकारात्मक सहयोग मिला। सभी उपस्थित लोगों ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।