टोंक में शनिवार की सुबह कॉलेज छात्रों की टियागो कार खंभे से जा टकराई। हादसे में हरियाणा के एक कॉलेज छात्र की हॉस्पिटल ले जाते समय मौत हो गई। जबकि उसके 3 साथी घायल हो गए। सभी हरियाणा से सांवलिया सेठ(चित्तौड़गढ़) के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान टोंक सदर थाना क्षेत्र से गुजर रहे जयपुर- कोटा नेशनल हाईवे 52 पर उनकी गाड़ी के सामने एक कुत्ता आ गया, जिसे बचाने के दौरा गाड़ी बेकाबू होकर खंभे से टकरा गई। फरीदाबाद से सांवलिया सेठ के दर्शन करने निकले थे
टोंक सदर थाने के हेड कॉन्स्टेबल रमेश चंद ने बताया- हरियाणा के फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी के रहने वाले जय (20) पुत्र पवन सतीजा अपने कॉलेज के फ्रेंड्स हर्ष, अभय और यश के साथ शुक्रवार की रात को कार से सांवलिया सेठ (चित्तौड़गढ़) के लिए रवाना हुए थे। पूछताछ में घायलों ने बताया कि आज सुबह करीब 4 बजे टोंक से गुजर रहे जयपुर- कोटा नेशनल हाईवे 52 पर ओशियन होटल के सामने उनकी कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के दौरान कार बेकाबू हो गई और हाइवे किनारे खंभे से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत
हेड कॉन्स्टेबल रमेश चंद ने बताया कि भीषण टक्कर के दौरान कार के आगे का हिस्सा डैमेज हो गया और गाड़ी चला रहे जय के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। साथ ही उसके साथ बैठे 3 दोस्त भी घायल हो गए। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को सआदत हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां जय को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के तीनों साथियों को परिजन रेफर कराकर अपने साथ हरियाणा ले गए। जय परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी एक छोटी बहन भी है।
