डूंगरपुर में नेशनल हाईवे 48 पर बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के भुवाली ब्रिज के पास बुधवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस के अनुसार देवल खास मनात फला निवासी प्रभुलाल पुत्र शंकरलाल मनात ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि बुधवार रात उसका भतीजा अंकित पुत्र रमेश चंद्र और उसका दोस्त प्रवेश पुत्र वाडीलाल डामोर बाइक से देवल से बिछीवाड़ा की ओर जा रहे थे। भुवाली ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें शरीर पर कई जगह चोटें आईं। एंबुलेंस से उन्हें डूंगरपुर अस्पताल लाया गया। अंकित की हालत गंभीर होने पर उसे गुजरात के अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में बलवाड़ा के पास उसने दम तोड़ दिया। मृतक अंकित के शव को वापस डूंगरपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी लाया गया, जहां गुरुवार को पोस्टमॉर्टम किया गया। वहीं, घायल प्रवेश का इलाज डूंगरपुर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद ईको कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बिछीवाड़ा पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।
