जयपुर के जंगल में युवक की लाश मिलने के मामले में रिश्तेदार जीजा और उसके भतीजे पर हत्या का आरोप है। परिवार का आरोप है कि युवक उधार दिए रुपए मांगने गया था। फिर वापस नहीं आया। इसके बाद खोरा बीसल के जंगल में लाश पड़ी मिली। परिवार का आरोप है कि लाश मिलने से पहले मृतक ने बड़े भाई को फोन कर कहा था कि उधार लिए हुए रुपए वापस नहीं दे रहे हैं। शंकर यादव व अजय ने मुझे बर्बाद कर दिया। पुलिस की ओर से गुरुवार को हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। SI अभिषेक स्वामी ने बताया- सीकर के अजीतगढ़ निवासी प्रकाश चंद यादव (34) के मर्डर की FIR दर्ज करवाई गई है। मृतक के बड़े भाई सुरेश ने बताया कि छोटा भाई प्रकाश चंद फाइनेंस कंपनी में जॉब करता था। ताऊ के दामाद शंकर यादव और उसके भतीजे अजय ने भाई प्रकाश चंद से रुपए उधार ले रखे थे। 4 जून को प्रकाश ने कॉल कर बताया कि जीजा शंकर यादव से पैसे लेने जा रहा है। रोते हुए किया कॉल, वॉट्सऐप पर भेजा हिसाब सुरेश ने बताया- 4 जून को घर से निकलने के बाद प्रकाश वापस घर नहीं लौटा। 7 जून को दोपहर करीब 12:15 बजे प्रकाश ने मुझे वॉट्सएप कॉल किया। प्रकाश रोते हुए बोला- जीजा शंकर यादव और उसका भतीजा अजय मेरे पैस नहीं दे रहे हैं। मारपीट करने पर उतारु हो रहे हैं। वॉट्सएप मैसेज कर दोनों के मोबाइल नंबर भेजने के साथ हिसाब की पर्ची लिखी भेजी। प्रकाश रोते हुए बोला- उधार लिए हुए रुपए वापस नहीं दे रहे हैं। शंकर यादव व अजय ने मुझे बर्बाद कर दिया। इसके बाद मोबाइल बंद आने लगा। लिखा- मेरी हालत खराब SI अभिषेक स्वामी ने बताया- भाई सुरेश को वॉट्सएप पर भेजी पर्ची में हत्या के आरोपी चाचा-भतीजे सहित चार लोगों के नाम लिखा है। चारों से करीब 22 लाख 75 हजार मांगने का हिसाब बनाकर भेजा गया। इसके साथ ही लिखा- सभी से निवेदन कर लिया। मेरा पैसे दे दो। सभी लोग बोलते हैं रुक जा। लेकिन एक साल से मेरी हालत खराब है। ये मेरा पैसा नहीं दे रहे हैं। ढूंढने पर मिली लाश SI अभिषेक स्वामी ने बताया- 8 जून को जयपुर लौटे भाई सुरेश रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रकाश को ढूंढने निकले। करधनी थाने में प्रकाश की गुमशुदगी दर्ज करवाई। शाम करीब 4 बजे चरवाहे ने खोरा बीसल पुलिस का गैल इंडिया मनसारामपुरा के पीछे जंगल में लाश मिली। शव के कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक भी खड़ी थी। SI अभिषेक स्वामी ने बताया- खोरा बीसली थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कांवटिया हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को घटनास्थल पर शराब के खाली क्वार्टर के साथ जहर की डिब्बी भी मिली थी। पुलिस की ओर से कोर्ट से आदेश पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि प्रकाश को प्लानिंग के तहत जयपुर बुलाया गया था। उधार दिए रुपए नहीं लौटाने के चलते प्रकाश का मर्डर किया गया। पुलिस की ओर से FIR दर्ज कर जांच की जा रही है।
