जिले के तलवाड़ा पंचायत समिति के भचड़िया ग्राम पंचायत में श्मशान घाट जर्जर अवस्था में है। जिससे ग्रामीणों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ​ ग्रामीण जालम पटेल सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया है। उन्होंने बताया कि श्मशान घाट पर न तो टीन-शेड की व्यवस्था है, न ही बैठने के लिए कोई चबूतरा बना है। आलम यह है कि अंतिम संस्कार के लिए कोई उचित रास्ता तक नहीं है। बारिश में परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। खुले में ही दाह-संस्कार करना पड़ता है। यदि नदी में पानी का स्तर थोड़ा भी बढ़ जाए, तो हमें मजबूरी में नदी के किनारे गंदगी के बीच अंतिम संस्कार करना पड़ता है, उन्होंने अपनी पीड़ा साझा कर जल्द नए श्मशान घाट निर्माण की मांग की है। ​प्रशासन से समाधान की मांग ग्रामीणों का कहना है कि वे 2024 से लगातार पंचायत और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें कोरे आश्वासन ही मिले हैं। ग्रामीणों ने अब प्रशासन से मांग की है कि श्मशान घाट का तुरंत निरीक्षण करवाकर वहां टीन-शेड, चबूतरा, पेयजल और पहुंच मार्ग जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार संपन्न हो सके।