उदयपुर में एक ज्वेलरी शोरूम से बदमाशों ने करीब एक करोड़ रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान का साइड शटर उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। बदमाश करीब 22 लाख रुपए के हीरे, लगभग 390 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 12 किलोग्राम चांदी के आभूषण और बर्तन, चांदी के सिक्के और अन्य सामान के साथ दुकान में रखे 9.75 लाख रुपए नकद भी चोरी कर फरार हो गए। यह पूरा मामला हाथीपोल थाना क्षेत्र के पंचवटी स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में बीती रात का है। पहले देखिए, चोरी से जुड़ी PHOTOS… सुबह कर्मचारी ने दी शटर उखड़ने की सूचना उदयपुर के हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी ने बताया- संबंध में ‘नवीन ज्वैलर्स’ के मालिक नवीन स्वरूपरिया (निवासी न्यू अहिंसापुरी, उदयपुर) ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार, चोरी की यह वारदात 29 जुलाई की रात 12 बजे से 30 जुलाई की रात 1 बजे के बीच हुई। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे दुकान के कर्मचारी बंशीलाल ने मालिक को फोन कर सूचना दी कि दुकान का साइड शटर उखड़ा हुआ है और कांच का दरवाजा भी टूटा हुआ है। इस पर जब दुकान मालिक तुरंत मौके पर पहुंचे और अंदर देखा, तो वहां रखा सारा कीमती सामान गायब था। कांच तोड़ते समय आरोपी के घायल होने के मिले सबूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर उसमें चार अज्ञात बदमाश दिखाई दिए हैं। फुटेज के अनुसार, सभी बदमाश पंचवटी पुलिया की तरफ से आए थे और साइड शटर उखाड़कर दुकान के अंदर घुसे थे। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान कांच का दरवाजा तोड़ते समय किसी आरोपी के घायल होने के भी संकेत मिले हैं, क्योंकि दुकान के अंदर और दरवाजे के पास खून के धब्बे पाए गए हैं। पुलिस इन धब्बों के वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटा रही है। करीब एक करोड़ के हीरे, सोना-चांदी और कैश पार दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बदमाश दुकान से करीब 22 लाख रुपए के हीरे, लगभग 390 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 12 किलोग्राम चांदी के जेवर व बर्तन, चांदी के सिक्के और दुकान में रखे 9.75 लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित व्यापारी के अनुसार, चोरी गए कुल सामान और नकदी की कीमत करीब 90 लाख से एक करोड़ रुपए के बीच है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और माल बरामदगी की मांग की है। थानाधिकारी राजू देवी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
