अलवर के एक युवक (19) और उसकी पत्नी (18) की उत्तर प्रदेश में संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नवविवाहित दंपती 17 जुलाई को जंगल से पेड़ पर लटके मिले थे। युवक का शव 18 जुलाई को अलवर के गांव में आया था। तब युवक के पिता भारतीय सेना में हवलदार ने आरोप लगाया- मेरी बहू गर्भवती थी। बहू से गैंगरेप के बाद बेटे के साथ उसकी हत्या कर शवों को पेड़ से लटका दिया गया। हालांकि, इस आरोप की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार- अलवर जिले के एक गांव के निवासी युवक की शादी इसी साल जनवरी में बिजनौर जिले की युवती से हुई थी। युवक ने 12वीं क्लास पास की थी। इसके बाद वह अलवर से ही आर्मी की तैयारी कर रहा था। पिता बोले- बहू को लेने गया था बेटा युवक के पिता ने कहा- करीब 15 दिन पहले बहू अपने मायके गई थी। 15 जुलाई को उसे वापस लाने बेटा बिजनौर पहुंचा था। 16 जुलाई को दोनों घर से निकले, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। हमने संपर्क किया तो दोनों के मोबाइल बंद मिले। इसके बाद गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद 17 जुलाई को सड़क किनारे खड़ी बाइक में चाबी लगी मिली। वहीं बेटे और बहू का बैग मिला। पुलिस ने आसपास के जंगल में तलाश की तो देर रात एक पेड़ से दोनों के शव बरामद हुए। युवक और युवती के शव उनके पहने हुए कपड़ों से लटके मिले। वहीं घटनास्थल से दोनों के टूटे हुए मोबाइल भी बरामद हुए। पिता ने कहा- दोनों खुश थे, आत्महत्या नहीं कर सकते मृतक के पिता ने कहा- मेरा बेटा और बहू खुशहाल जीवन जी रहे थे। बहू गर्भवती थी और परिवार नए सदस्य के आने की तैयारी कर रहा था। ऐसे में दोनों के आत्महत्या करने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की। पुलिस ने कहा- पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद करेंगे कार्रवाई वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
