अमृतसर के सुल्तानविंड रोड पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक 500 केवी बिजली के ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। घटना पत्थरों वाली पार्क के पास हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे आसपास के घरों तक फैल सकती थीं, जिससे बड़े नुकसान की आशंका थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। उनकी मुस्तैदी के कारण आसपास के घरों को नुकसान पहुंचने से बचा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली करा लिया गया था। इस घटना में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। एक्स ई एन बोले- आग लगने की सूचना मिली इंडस्ट्रियल डिवीजन में एक्स ई एन हरदीप सिंह सेखो ने बताया कि 500 केवी के ट्रांसफॉर्मर को आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद तुरंत मौके पर पहुंचे हैं। आग तकरीबन 4 बजे लगी थी लेकिन अब काबू पा लिया गया है। यह ट्रांसफार्मर टिनो के अंदर था तो हो सकता है कि उसके कारण ही हीट के कारण आग लगी हो। फिलहाल उनके पास एक मोबाइल ट्राली है जिससे कि बिजली सप्लाई को चालू कर दिया जाएगा ओर कल सुबह 200 – 200 केवी के ट्रांसफार्म इंस्टॉल कर दिए जाएंगे। पार्षद गगनदीप सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास ही तेल से भरे टैंकर पड़े थे लेकिन बचाव रहा कि उन्होंने आग नहीं पकड़ी वहीं फायर ब्रिगेड भी कुछ ही मिनटों मैं पहुंच गई थी जिससे अब अब खतरे से बाहर है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह आग हीटवेव के कारण लगी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
