अबोहर के आलमगढ़ से कंधवाला रोड बाईपास पर आज सुबह एक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। पिकअप की टक्कर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से हुई। मृतक की पहचान श्रीगंगानगर निवासी अमित कुमार उर्फ काली (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अमित कुमार पुत्र भूषण श्रीगंगानगर के बापू नगर वार्ड नंबर 19 का रहने वाला था और पिकअप चलाने का काम करता था। वह अल सुबह मलोट से फल लादकर श्रीगंगानगर जा रहा था। अमित एक बच्ची का पिता था। अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराया जब अमित की पिकअप अबोहर के आलमगढ़ बाईपास चौक वाली सड़क पर पहुंची, तो वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई और वह पिकअप के अंदर फंस गया। घटना की सूचना 112 हेल्पलाइन पर दी गई। सूचना मिलते ही 112 हेल्पलाइन और थाना नंबर दो की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्यों बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर ने लोगों की मदद से अमित को बड़ी मुश्किल से पिकअप से बाहर निकाला। बाद में शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि यह हादसा सड़क के दोनों ओर गेहूं के ट्रक खड़े होने के कारण हुआ। बिट्टू नरूला ने प्रशासन और पुलिस से अपील की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए ट्रकों को एक तरफ लगवाया जाए। फल व्यापारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए थे।